5 नवंबर 2020 - 12:52
अमरीका में राष्ट्रपति चुनाव के बाद मचा हंगामा...पोर्टलैंड और न्यूयार्क में दर्जनों गिरफ़तारियां

अमरीका में राष्ट्रपति चुनाव के बाद कई शहरों में प्रदर्शन फूट पड़े हैं। पोर्टलैंड और न्यूयार्क में पुलिस ने पांच दर्जन से अधिक गिरफ़तारियां की हैं।

हालिया चुनाव में यह बात देखने में आई कि अमरीकी समाज बहुत बुरी तरह विभाजित है और उसका आक्रामक रूप से ध्रुवीकरण हुआ है।

पुलिस ने जिन लोगों को गिरफ़तार किया है उनके पास ज्वलनशील पदार्थ, हथौड़े और राइफ़लें थीं।

ओरेगन के गवर्नर कीट ब्राउन ने मतदान के बाद रात को बड़े पैमान पर हिंसक प्रदर्शनों को देखते हुए नेशनल गार्ड को तैनात कर दिया था।

पोर्टलैंड की पुलिस ने बताया कि शहर के डाउन टाउन में हिंसक प्रदर्शन हुए जिसे देखते हुए कम से कम दस  लोगों को गिरफ़तार किया गया है जबकि न्यूयार्क पुलिस ने भी 50 से अधिक लोगों को गिरफ़तार करने की घोषणा की है।

अमरीका के दर्जनों शहरों में बड़े पैमाने पर प्रदर्शन हुए हैं।